Home » बिलासपुर में युवक ने सड़क पर पेट्रोल डालकर खुद को लगाई आग, 80 प्रतिशत झुलसा
छत्तीसगढ़

बिलासपुर में युवक ने सड़क पर पेट्रोल डालकर खुद को लगाई आग, 80 प्रतिशत झुलसा

पेट्रोल पंप से डिब्बे में लिया था

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। बिल्हा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक युवक ने बीच सड़क पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। इस भयावह घटना में युवक करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान ग्राम पौशरी निवासी 28 वर्षीय मनजीत जायसवाल के रूप में हुई है। घटना दोपहर करीब 2.33 बजे की बताई जा रही है, जिसका लाइव सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो मे साफ देखा जा सकता है कि युवक पहले एक पेट्रोल पंप से डिब्बे में पेट्रोल खरीदता है। इसके बाद वह बाइक से कुछ दूरी तय करता है और सड़क किनारे रूककर अचानक अपने उपर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा लेता है। आग की लपटों में घिरा युवक करीब 20 मीटर तक दौड़ता रहा और फिर सड़क पर गिरकर तड़पने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए कपड़ा लपेटकर किसी तरह आग बुझाई और तुंरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। गंभीर रूप से झुलसे युवक को पहले सीएमसी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल बर्न और ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां उसका इलाज जारी है।

इस मामले में एक चौकाने वाला पहलू यह भी सामने आया है कि युवक ने पुलिस को दिए बयान में इसे हादसा बताया है, जबकि सीसीटीवी फुटेज में वह खुद आग लगाते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहा है। इस विरोधाभास ने पुलिस जांच को और जटिल बना दिया है। एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह के अनुसार घटना के वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

इस घटना ने पेट्रोल पंप संचालकों की लापरवाही पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नियमों के अनुसार किसी भी व्यक्ति को खुले कंटेनर या बोतल में पेट्रोल देना सख्त मना है। क्योंकि इससे दुर्घटना और दुरूपयोग की आशंका बढ जाती है। बावजूद इसके युवक को बोतल में पेट्रोल दे दिया गया, जो इस पूरी घटना का अहम कारण बन सकता है। यह घटना न सिर्फ एक व्यक्ति की त्रासदी है, बल्कि समाज और सिस्टम के लिए भी एक बड़ी चेतावनी है। मानसिक तनाव, आवेग या किसी भी समस्या का हल इस तरह के खतरनाक कदम नहीं हो सकते। साथ ही नियमों की अनदेखी कितनी घातक साबित हो सकती है यह घटना इसका जीवंत उदाहरण है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Search

Archives