बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम कर्रा में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पति पत्नी की करंट लगने से मौत हो गई। कपड़े सुखाने के दौरान जीआई तार में उतरे करंट की चपेट में आने से पहले पत्नी झुलसी, जिसे बचाने की कोशिश में पति भी हादसे का शिकार हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कर्रा निवासी सचिन चंद्राकर पिता जीवनलाल चंद्राकर 45 वर्ष अपनी पत्नी रजनी चंद्राकर 32 वर्ष के साथ घर पर मौजूद थे। शनिवार सुबह रजनी आंगन में कपड़े सुखाने के लिए गई थी। इसी दौरान कपड़े डालने के लिए लगाए गए जीआई तार में अचानक करंट आ गया, जिसकी चपेट मेें आने से रजनी छटपटाने लगी। पत्नी को करंट से तड़पता देख सचिन उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि खराब मौसम और आंधी तूफान के कारण बिजली का तार टूटकर नीचे गिर गया था। जो जीआई तार के संपर्क में आ गया। इसी वजह से तार में करंट प्रवाहित हो गया और यह हादसा हो गया। एक दूसरे को बचाने के प्रयास में पति पत्नी दोनों की मौत हो गई। परिवार सदमें में है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।







