Home » पत्नी को गोली मारने वाला आरोपी पति गिरफ्तार, चरित्र शंका को लेकर किया जानलेवा हमला
छत्तीसगढ़

पत्नी को गोली मारने वाला आरोपी पति गिरफ्तार, चरित्र शंका को लेकर किया जानलेवा हमला

रायपुर। चरित्र शंका को लेकर पति ने अपनी पत्नी पर लायसेंसी पिस्टल से गोली चला दी। फायरिंग करने के बाद पति मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रार्थिया सावित्री शर्मा ने डीडी नगर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सरोना रेलवे स्टेशन के पास संजय नगर में रहती है। विगत 15 दिसंबर की शाम 5.30 बजे बड़ी मां की लड़की काकोली नंदी ने उसे फोन कर बताया कि उसके पति शुभांकर नंदी ने उसे गोली मार दिया है। वह सड़क पर पड़ी हुई है। प्रार्थिया रोहणीपुरम स्थित काकोली नंदी के निवास पर पहुंची तो वह रोड पर पड़ी मिली। उसके सिर, हाथ की कलाई और भुजा में चोट के निशान थे। साथ ही खून भी निकल रहा था। पूछताछ में काकोली नंदी ने बताया कि उसका पति शुभांकर उस पर शक करता है। गाली गलौच कर उसने जान से मार दूंगा कहकर अपने पास रखे पिस्टल से उस पर गोली चला दी। उसके दाएं हाथ की कलाई और बांई भुजा पर चोट आई है। काकोली को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर आरोपी के विरूद्ध थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 524/23 धारा 307 भादवि एवं आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने चंद घंटों के भीतर पेशे से वकील आरोपी शुभांकर नंदी 46 वर्ष को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक नग पिस्टल, 4 जिंदा कारतूस एवं 2 नग कारतूस का खाली खोखा जप्त कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही की है।

Search

Archives