छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश से खरीदार समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़। पुलिस ने मानव तस्करी और नाबालिग बालिका को देह व्यापार में धकेलने के सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 17 वर्षीय पीड़िता को सुरक्षित रेस्क्यू कर चार दलालों सहित एक खरीदार आरोपी को मध्यप्रदेश के छतरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध अपहरण, दुष्कर्म और मानव तस्करी जैसी गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पीड़िता, जो रायगढ़ जिले की निवासी है, ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि कि उसके पिता उसे हमेशा डांट फटकार करते थे। एक दिन (26 नवंबर 2025) को गांव के खेल मैदान में थी, उसी समय उसकी परिचित लड़की उसे काम दिलाने का बहाना देकर बहला फुसलाकर अपने साथ ले आई। रायगढ़ के निकले महादेव मंदिर के पास पहले से सक्रिय गिरोह के सदस्यों द्वारा भी बालिका को काम दिलाने का झांसा देकर दूसरे दिन सागर (म.प्र) ले जाया गया, जहां सागर जिले के एक गांव में बालिका की सुनील नामक व्यक्ति से मंदिर में जबरन शादी करा दी और वापस आ गए। सुनील ने जबरजस्ती बालिका के साथ शारीरिक संबंध बनाए। मौका देखकर बालिका ट्रेन से वापास रायगढ़ आ गई।
लड़की अपने पिता के डर के कारण घर नहीं गई, वह रायगढ़ में बिन्दिया से मिली जो उसे बहला फुसलाकर धंधा (दुष्कर्म) कराने लड़को के पास भेजती और पैसा लेती थी। बालिका के आवेदन पर अपराध क्रमांक 116/2026 धारा 137(2), 143, 96, 98, 99, 64, 3(5) बीएनएस, 6 पॉक्सो एक्ट पंजीबद्ध कर बालिका का महिला पुलिस अधिकारी से कथन कराया गया और मेडिकल बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई ।
पुलिस ने पीड़िता की सहेली जो खुद नाबालिग है, उसे हिरासत में लिया। पकड़े गए सभी आरोपियों ने पीड़िता को सागर मध्यप्रदेश के सुनील दीक्षित नामक व्यक्ति को डेढ़ लाख रूपये में बेचकर विवाह कराना एवं रकम को आपस में बांटना बताया गया। आरोपियों के मेमोरेडम के आधार पर खर्च के बाद बचे 7000 रूपये नगदी एवं मोबाइलों को जप्त किया गया है। उसके बाद आरोपी सुनील दिक्षित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सागर रवाना हुई जिसे जिला छतरपुर उसके गांव में धरदबोचा गया, आरोपी ने अपराध स्वीकार किया है।
अभिरक्षा में ली गई नाबालिग को किशोर न्यायालय तथा अन्य गिरफ्तार आरोपी- बिन्दिया रात्रे, चिकू खान, पूजा उर्फ बॉबी उर्फ चाची और सुनील दिक्षित को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी अभय यादव फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिसटीम प्रयासरत है।







