दर्दनाक हादसे का वीडियो आया सामने
बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी स्थित फार्च्युन एलीमेंट कॉलोनी में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जेसीबी मशीन के बड़े टायर में हवा भरने के दौरान अचानक हुए ब्लास्ट में एक हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के दौरान दो लोग टायर के उपर बैठे हुए थे। हादसे का दर्दनाक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टायर फटने के बाद मची अफरा तफरी दिखाई दे रही है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे कॉलोनी परिसर में खड़ी जेसीबी मशीन के टायर में हवा भरने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक टायर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि टायर का डिस्क और लोहे के अन्य हिस्से कई फीट दूर जा गिरे और आसपास खड़े लोग इसकी चपेट में ंआ गए। इस हादसे में जेसीबी हेल्पर उमाकांत कौशिक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं टायर मिस्त्री ओसामा जेसीबी चालक भूपेंद्र राव और कर्मचारी अमृत लाल यादव भी घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए बिलासपुर के श्रीराम केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रांरभिक तौर पर टायर में अधिक दबाव बनने के कारण ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। हादसे के बाद कॉलोनी में शोक और दहशत का माहौल है।







