Home » विदेशी बन ठग ने युवती से ऐंठे लाखों, साइबर सेल कर रही जांच
छत्तीसगढ़

विदेशी बन ठग ने युवती से ऐंठे लाखों, साइबर सेल कर रही जांच

बिलासपुर। शहर में ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा घटना में चिंगराजपारा क्षेत्र की एक युवती साइबर अपराधियों का शिकार हो गई। ठग ने खुद को विदेशी नागरिक बताकर युवती को प्रेमजाल में फंसाया और एयरपोर्ट पर अटके होने का बहाना बनाकर उससे करीब 9.50 लाख रुपये ऐंठ लिए।

जानकारी के अनुसार, युवती गिफ्ट शॉप संचालित करती है। कुछ माह पूर्व उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को ब्रिटेन पुलिस विभाग में पदस्थ अधिकारी बताया। शुरुआती बातचीत धीरे-धीरे नजदीकी रिश्तों में बदल गई। युवक ने युवती को भरोसा दिलाया कि वह भारत आकर शादी करेगा और उसे अपने साथ ब्रिटेन ले जाएगा। कुछ समय बाद युवक ने युवती को बताया कि वह भारत आने वाला है। एयरपोर्ट पहुंचने पर उसने फोन कर कहा कि दस्तावेजों की कमी के चलते पुलिस ने उसे रोक लिया है। जमानत और प्रक्रिया शुल्क के लिए बड़ी रकम की तत्काल जरूरत बताई। युवती ठग की बातों पर विश्वास कर बैठी। उसने अपने जेवर बेचकर और अलग-अलग खातों में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर लगभग 9.50 लाख रुपये भेज दिए। रकम मिलते ही आरोपी ने संपर्क तोड़ दिया और युवती का फोन उठाना बंद कर दिया। काफी समय बाद जब सच्चाई सामने आई तो युवती को ठगी का अहसास हुआ। उसने रविवार को थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन और पहचान का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Search

Archives