Home » कैमूर के ताल में डूबी पांच बच्चियां, तीन की मौत, दो को ग्रामीणों ने बचाया, पसरा मातम
छत्तीसगढ़

कैमूर के ताल में डूबी पांच बच्चियां, तीन की मौत, दो को ग्रामीणों ने बचाया, पसरा मातम

मोहनियां। स्थानीय थाना क्षेत्र के सकरौली गांव के लिए मंगलवार का दिन अमंगल साबित हुआ। यहां की तीन बच्चियों की ताल में डूबने से मौत हो गई। इससे पूरे गांव में कोहराम मच गया। स्वजन ने बताया कि पांच बच्चियां मंगलवार को गांव से बाहर बधार में बकरी चराने गई थीं। गर्मी के कारण वे ताल में स्नान करने लगीं। दो माह पूर्व कुछ ग्रामीणों द्वारा ताल से मिट्टी निकाली गई थी।

जिससे ताल की गहराई करीब 25 फीट हो गई है। स्नान करते समय तीन बच्चियां गहरे पानी में डूब गईं। डूब रही दो बच्चियों की आवाज सुनकर बगल के खेत में काम कर रहे ग्रामीण दौड़े। उन्होंने दोनों बच्चियों को पानी से बाहर निकाला। बच्चियों ने बताया कि तीन बच्चियां पहले ही डूब गई हैं। काफी मशक्कत के बाद गहरे पानी से तीनों बच्चियों का शव बाहर निकाला गया।

मृत बच्चियों में सकरौली ग्राम निवासी जीतन राम की पुत्री उषा कुमारी (11), भोरिक राम की पुत्री महिमा कुमारी (10) व स्व. सुरेंद्र पासी की पुत्री सुनीता कुमारी (12) का नाम शामिल है। इस घटना से मृत बच्चियों के घर में कोहराम मचा हुआ है। पूरा गांव मर्माहत है। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रियेश प्रियदर्शी, एसआई आनंद कुमार व गुड्डू कुमार मौके पर पहुंचे। शव को मोहनियां थाना लाया गया, जहां से कागजी कार्यवाही पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराने को सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया गया। इस घटना की सूचना मिलने पर मोहनियां प्रखंड क्षेत्र के कई राजनीतिक दल के लोग व समाजसेवी भी गांव में पहुंचे।

बता दें कि जिले में इन दिनों मौसम पूरी तरह बदल गया है। प्रतिदिन जिले के किसी न किसी क्षेत्र में वर्षा हो रही है। इसके चलते ताल-तलैया, नहर आदि में अधिक पानी भर गया है, जिसमें छोटे-छोटे बच्चों को स्नान करना खतरे से खाली नहीं है।

Search

Archives