बिलासपुर। नाबालिग लड़की को हवस का शिकार बनाने की बुरी नीयत से युवक ने पहले उससे दोस्ती की। नाबालिग पर अपना विश्वास जमाया फिर दोस्ती का हाथ बढ़ाया। कुछ दिनों बाद उसे शादी का झांसा दिया और फिर दुष्कर्म किया। मामले में सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर के मुंगेली जिले के लालपुर क्षेत्र औराबांधा निवासी सीताराम साहू सब्जी व्यापारी है। वह सिरगिट्टी क्षेत्र में परिवार के साथ रहता है। उसका संजू साहू 21 वर्ष का बेटा है जो पढ़ाई करने के साथ ही सब्जी का धंधे में हाथ बंटाता है। करीब एक साल पहले संजू ने मोहल्ले में ही रहने वाली एक नाबालिग लड़की से दोस्ती की। लड़की पहले स्कूल में पढ़ती थी और पढ़ाई छोड़ चुकी है। दोनों एक-दूसरे से बातचीत भी करने लगे। धीरे-धीरे युवक और युवती एक-दूसरे के काफी करीब आ गए। इसके बाद युवक ने नाबालिग को शादी का झांसा दिया और उसे भगाकर ले गया। उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इधर नाबालिग के दो दिन गायब रहने से परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से की। मामले में पुलिस ने अपहरण का मामला बनाकर छानबीन शुरू की तो पता चला कि गांव का ही युवक संजू साहू उसे भगाकर ले गया है। तब पुलिस ने संजू की तलाश शुरू की और कानन पेंडारी के पास उसे नाबालिग के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि संजू साहू उसे भगाकर अपने साथ ले गया था और इस दौरान उसने मेरे साथ दुष्कर्म किया है। नाबालिग के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी संजू साहू के खिलाफ अपहरण के साथ ही दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।







