Home » नकली जासूस का भंडाफोड़, स्कॉर्पियो पर सीआईडी की प्लेट लगाकर झाड़ रहा था धौंस, पुलिस ने दबोचा
छत्तीसगढ़

नकली जासूस का भंडाफोड़, स्कॉर्पियो पर सीआईडी की प्लेट लगाकर झाड़ रहा था धौंस, पुलिस ने दबोचा

धमतरी। जिले में खुद को बड़ा जांच अधिकारी बताकर आम जनता पर रौब झाड़ने और कानून को ठेंगा दिखाने वाले एक शातिर जालसाज को धमतरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

आरोपी अपनी स्कार्पियो गाड़ी पर ‘नेशनल क्राइम कंट्रोल’ का बोर्ड और गले में फर्जी आईडी कार्ड डालकर घूम रहा था, जिसे मुखबिर की सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आमातालाब रोड से पकड़ा।

टोल टैक्स बचाने और रौब झाड़ने का खेल

आरोपी टिकेश्वर नरेटी (28 वर्ष), निवासी ग्राम डांगरा (कांकेर) का रहने वाला है। वह अपनी स्कार्पियो सीजी 05 एयू 6136 पर वाईस प्रेसीडेंट की प्लेट लगाकर खुद को सीआईडी अधिकारी बताता था।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने ये फर्जी कार्ड केवल टोल टैक्स से बचने और अवैध लाभ लेने के लिए बनवाए थे। वह ऑनलाइन पेमेंट कर इन फर्जी कार्डों की वैलिडिटी भी बढ़वाता था।

पुलिस की छापेमारी में क्या-क्या मिला ? पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्नलिखित सामग्री जप्त की हैः-

02 नग फर्जी आईडी कार्ड
01 नग महिंद्रा स्कार्पियो (सफेद रंग)
01 नग आईफोन 11 प्रो और एक सैमसंग मोबाइल
नेशनल क्राइम कंट्रोल का फर्जी बोर्ड

जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा ‘फर्जी अफसर’

धमतरी एसपी के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में बीएनएस की धारा 204, 205 और 336(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है. पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Search

Archives