जांजगीर-चांपा। अकलतरा नगर पालिका कार्यालय में घुसकर कर्मचारी से गाली-गलौच, मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर शासकीय दस्तावेज भी फाड़े और बाद में कर्मचारी को जान से मारने की धमकी देते हुए पत्थर से हमला किया।
शराब के नशे में कार्यालय पहुंचने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे कर्मचारी नगर पालिका कार्यालय में शासकीय कार्य कर रहा था। इसी दौरान वार्ड क्रमांक 11 निवासी मनोज कुमार टंडन (42) कथित तौर पर शराब के नशे में कार्यालय पहुंचा। आरोप है कि उसने कर्मचारी के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी और शासकीय दस्तावेज फाड़कर काम में बाधा डाली।
दोबारा कार्यालय पहुंचकर किया विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी दोबारा नगर पालिका कार्यालय पहुंचा और उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को लेकर विवाद करने लगा। आरोप है कि इसी दौरान उसने कर्मचारी को जान से मारने की धमकी दी और कार्यालय में सामने पड़े पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया। हमले में कर्मचारी के सिर से खून निकलने लगा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
कर्मचारी की शिकायत पर अकलतरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 121(1), 221, 132, 296, 351(3) और 115(2) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपी की तलाश की।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुलिस को आरोपी के अकलतरा क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना पुलिस की टीम ने दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू, उप निरीक्षक बीएल कोसरिया सहित अकलतरा थाना स्टाफ की भूमिका रही।







