बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस जवान पर हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी सागर सूर्यवंशी के खिलाफ भादवि की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना 17 जून की देर रात कुदुदंड क्षेत्र में हुई। सिविल लाइन थाने में पदस्थ आरक्षक मोरज सिंह ध्रुव की ड्यूटी डॉयल 112 वाहन में लगी थी। रात करीब 12.58 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि कुदुदंड के सूर्यवंशी मोहल्ले में हत्या के प्रयास से जुड़ी घटना की जानकारी मिली है। सूचना पर आरक्षक मोरज सिंह चालक शंभू बैस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस कर्मी जब बताए गए स्थान पर पहुंचे तो आरोपी सागर सूर्यवंशी अपने घर से हाथ में बड़ा चाकू लेकर बाहर आया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आरक्षक ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी और आरोपी के हाथ से चाकू छीन लिया। इसके बाद आरोपी ने आक्रोशित होकर पुलिस जवान के साथ गाली गलौज करते हुए लाठी से हमला कर दिया। हमले में आरक्षक के सिर के बाई ओर चोट लगी और खून निकलने लगा। चोट लगने के बाद वह जमीन पर गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव किया, जिसके बाद चालक शंभू बैस को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज जारी है।
घटना की रिपोर्ट पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी सागर सूर्यवंशी पिता सत्यप्रकाश निवासी कुदुदंड मोहल्ला के खिलाफ धारा 121, 132, 221 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।







