तखतपुर। जर्जर सड़क और गड्ढों की वजह से एक बार फिर हादसा सामने आया है। नया बस स्टैंड के पास मुख्य मार्ग पर ईटों से भरा एक ट्रैक्टरी अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसके नीचे 40 वर्षीय युवक और एक बच्चा दब गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर सड़क पर मौजूद बड़े गड्ढे में फंस गया। जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर पलट गया। ट्रैक्टर में लदी ईट सड़क पर बिखर गई। पास से गुजर रहे युवक व बच्चा ईटों की ढेर में दब गए। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिक, व्यापारी और अन्य राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ईटों का ढेर हटाकर दोनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। नागरिकों का कहना है कि मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत मे है और सड़क पर बने गड्डों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। कई बार शिकायत करने के बाद भी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने समस्या का समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण के भूमिपूजन को एक माह से अधिक समय बीत चुका है। बेजा कब्जा हटाने की कार्रवाई भी पूरी हो चुकी है। लेकिन निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ है। हादसे के बाद लोगों ने जल्द सड़क निर्माण शुरू करने की मांग की है।







