बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के मल्हार चौकी अंतर्गत लीलागर नदी में गुरूवार की सुबह एक ग्रामीण की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह नदी किनारे पहुंचे ग्रामीणों की नजर पानी में तैरती लाश पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत अन्य ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया।
पुलिस द्वारा पहचान कराए जाने पर मृतक की पहचान ईश्वर केंवट 59 वर्ष पिता छोटू केंवट निवासी मल्हार वार्ड नंबर 05 नंदमहल इमलीपारा मल्हार के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि ईश्वर साहू बीते 2 मार्च की शाम करीब 5 बजे से अग्रवाल के प्लाट से लापता हो गए थे। जिनकी परिजन और ग्रामीण लगातार तलाश कर रहे थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस डूबने से मौत की आशंका जता रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।







