Home » छत्तीसगढ़ में चक्रवात अर्नब का असर, उत्तर के 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में चक्रवात अर्नब का असर, उत्तर के 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर दिखाई दे रहा है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। बुधवार को रायपुर, गरियाबंद, दुर्ग, बिलासपुर और बस्तर संभाग के कई इलाकों में बारिश हुई। रायपुर में तेज हवाओं के साथ बारिश के कारण कुछ जगहों पर पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की जानकारी सामने आई। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने गुरुवार, 29 अक्टूबर को उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बलरामपुर, जशपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़- चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और सरगुजा में बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

उत्तर छत्तीसगढ़ के इन जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। बलरामपुर, जशपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और सरगुजा जिले के लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

धीरे-धीरे कमजोर होगा चक्रवात अर्नब

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान अर्नब आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार कर चुका है। इसके अगले 48 घंटों में उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होने का अनुमान है। पहले इसके कमजोर होकर चक्रवाती तूफान से कम प्रभाव वाले सिस्टम में बदलने और बाद में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना जताई गई है। हालांकि, इसके असर से छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।

रायपुर में सामान्य से कम रहा तापमान

राजधानी रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक था। शाम 5.30 बजे तक शहर में 8.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

गुरुवार को रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ इलाकों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

अगले दो दिन भी बारिश से राहत मिलने के आसार कम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने की जरूरत है।