Home » 9वीं की छात्रा को नशीला इंजेक्शन देकर गैंगरेप, बेल्ट से की पिटाई, दोनों आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

9वीं की छात्रा को नशीला इंजेक्शन देकर गैंगरेप, बेल्ट से की पिटाई, दोनों आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां जरहागांव थाना क्षेत्र में 9वीं क्लास में पढ़ने वाली 14 साल की नाबालिग छात्रा के साथ दरिंदों ने गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने पहले पीड़िता को रास्ते में रोककर बेल्ट से पीटा, फिर नशीला इंजेक्शन देकर उसे बेहोश कर दिया और इस घिनौनी हरकत को अंजाम दिया।

शिकायत के मुताबिक घटनाक्रम 29 और 30 सितंबर 2026 का है। छात्रा ने नशीला इंजेक्शन लगाने की बात पुलिस को बताई। परिवार ने 1 अक्टूबर को शिकायत की, पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

कैसे हुई घटना?

मिली जानकारी के अनुसार, 29 सितंबर 2026 की शाम को 14 वर्षीय पीड़िता अपनी सहेली के घर से लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में साहिल यादव और प्रहलाद धुरी ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने छात्रा के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और बेल्ट से उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद मुंह बंद रखने के लिए उसे 500 रुपए देकर डराया-धमकाया गया।

डर के मारे घर नहीं जा सकी पीड़िता

डरी-सहमी छात्रा घर जाने के बजाय बस से रतनपुर चली गई, जहां एक अज्ञात महिला ने उसे सहारा दिया। अगले दिन 30 सितंबर को जब वह घर लौट रही थी, तब सकरी से बस बदलकर बरेला पहुंची। शाम करीब 5 बजे दोनों आरोपी उसे दोबारा मिल गए और जबरन पकड़कर एक मकान में ले गए।

आरोपियों ने क्रूरता की हदें पार करते हुए मकान में छात्रा का हाथ पकड़कर उसे जबरन नशीला इंजेक्शन लगा दिया, जिससे वह बेसुध हो गई। कुछ देर बाद जब उसे होश आया, तो उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे। शरीर पर चोट के निशान भी थे। दोनों आरोपी उसके सामने खड़े हुए थे।

पुलिस ने दर्ज किया केस, दोनों आरोपी गिरफ्तार

घर पहुंचने पर डरी-सहमी पीड़िता ने रोते हुए अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद 1 अक्टूबर को परिवार थाने पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज कराई। जरहागांव पुलिस ने परिवार की शिकायत पर त्वरित एक्शन लेते हुए दोनों नामजद आरोपियों साहिल यादव और प्रहलाद धुरी (निवासी ग्राम बरेला) के खिलाफ बीएनएस की संगीन धाराओं – 70(2), 65(1), 137(2), 351(3), 115(2), 296 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की विस्तृत जांच कर रही है।

Search