Home » कटघोरा-पेंड्रा रोड में सड़क पर मवेशियों का डेरा, कोयला परिवहन और यात्री वाहन चालक परेशान
छत्तीसगढ़

कटघोरा-पेंड्रा रोड में सड़क पर मवेशियों का डेरा, कोयला परिवहन और यात्री वाहन चालक परेशान

कोरबा। कटघोरा से पेंड्रा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर इन दिनों मवेशियों का जमावड़ा गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। रात के समय दर्जनों मवेशी सड़क पर बैठे रहते हैं, जिससे कोयला परिवहन और यात्री वाहन चालकों को परेशान होना पड़ रहा है। सड़क पर बड़ी दुर्घटना की संभावना बनी हुई है।

स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि यह समस्या अब विकराल रूप ले चुकी है। खासकर रात के समय जब दृश्यता कम होती है। सड़क पर बैठे मवेशी वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। कोयला परिवहन करने वाले भारी वाहनों के साथ-साथ अन्य यात्री वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे समय की बर्बादी के साथ जान-माल का खतरा भी बढ़ गया है।

बीते कुछ महीनों में कई सड़क दुर्घटनाएं केवल मवेशियों के कारण हो चुकी हैं, जिसमें न सिर्फ वाहन क्षतिग्रस्त हुए, बल्कि कई मवेशियों की मौत भी हो गई। इसके बावजूद इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

स्थानीय निवासियों, वाहन चालकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार तथा संबंधित ग्राम पंचायतों से की अपील :

मवेशियों के लिए अलग से सुरक्षित गोठान की व्यवस्था की जाए।
सड़कों पर घूमते मवेशियों को नियंत्रित करने के लिए पशु नियंत्रण दस्ते बनाए जाएं।
ग्रामीणों को मवेशी छोड़ने के खिलाफ जागरूक किया जाए और नियमों का पालन अनिवार्य कराया जाए।
यदि समय रहते इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो यह स्थिति और अधिक भयावह हो सकती है।

Search

Archives