Home » एनएच पर हादसा : गड्ढे में घुसते ही कार का टायर फटा, अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रक से टकराई, चालक की मौत
छत्तीसगढ़

एनएच पर हादसा : गड्ढे में घुसते ही कार का टायर फटा, अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रक से टकराई, चालक की मौत

अंबिकापुर। सरगुजा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-43 पर हादसा हुआ। सड़क पर बने गड्ढे ने एक युवक की जिंदगी छीन ली। कार गड्ढे में घुसने से टायर फट गया और कार बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जा टकराई। हादसे में 26 वर्षीय ठेकेदार अतुल सिंह की मौके पर मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक अतुल सिंह ग्राम गोधनपुर का रहने वाला था। रविवार 24 अगस्त की रात करीब 9 बजे वह अपने दो दोस्तों के साथ एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने अजब नगर की ओर जा रहे थे। उनकी कार गांधीनगर थाना क्षेत्र के एक गैरेज के पास पहुंची थी कि सड़क पर बने गहरे गड्ढे में कार का टायर धंस गया। गड्ढे में पानी भरा होने के कारण ड्राइवर को अंदाजा नहीं लग पाया और झटका लगते ही टायर फट गया।

टायर फटने से कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार के एयरबैग तो खुले, लेकिन ड्राइवर साइड का एयरबैग फट गया। इस वजह से अतुल सिंह का सिर ट्रक के पीछे लगे लोहे के एंगल से टकरा गया और सिर बुरी तरह फट गया।

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल दोनों दोस्तों की हालत स्थिर बताई जा रही है। इस घटना के बाद मृतक के निवास क्षेत्र गोधनपुर में शोक व्याप्त है।

लापरवाही बनी मौत का कारण- हादसे के बाद यह बात भी सामने आई है कि जिस ट्रक से कार टकराई, उसे गैरेज में काम करने वाले लोगों ने सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। इस ट्रक से हादसे का यह पहला मामला नहीं था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की टक्कर से लगभग आधे घंटे पहले ही एक बाइक सवार भी इसी ट्रक के नीचे घुस गया था, जिससे वह घायल हो गया था। इसके अलावा एक ऑटो भी उसी ट्रक से टकरा चुका था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे-43 पर लंबे समय से बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। बारिश के दिनों में इनमें पानी भर जाता है और गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। इसके अलावा सड़क किनारे बिना चेतावनी बोर्ड या रिफ्लेक्टर लगाए ट्रकों को खड़ा कर दिया जाता है, जो गंभीर दुर्घटनाओं की वजह बन रहे हैं। गांधीनगर थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। सड़क किनारे खड़े ब्रेकडाउन ट्रक और गैरेज संचालकों की भूमिका की भी जांच होगी। मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Search

Archives