बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस अमानत में खयानत, चोरी, लूट करने वाले आरोपियों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही कर रही है। इसी तारतम्य में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जिला बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर बिलासपुर के शहरी तथा सभी ग्रामीण थानों में इस तरह का अपराध करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है।
इसी परिप्रेक्ष्य में प्रार्थी कार्तिकेश तिवारी साकिन सिवनी मोबाइल रायपुर हा. मु. रामा लाइफ सिटी सकरी ने थाना रिपोर्ट दर्ज कराया कि बिलासपुर में सीएसपीडीसीएल का कार्य पिछले साल से अनवरत रूप से बिजली सुधार का कार्य चल रहा है, जिसका स्टोर मंगल भवन के सामने सेंदरी में स्थित है। बिजली कार्य चालू करने के लिए विजय मिश्रा एवं उसके साथी को बिजली कार्य हेतु एबी केबल, कंडेंसर, ट्रांसपफार्मर और लाइन का कंपलीट सामान जो कार्य करने के लिए दिया गया था, उक्त सामान की अनुमानित कीमत 60-70 लाख रुपए को बिना बताए लेकर चले गए। प्रार्थी के रिपोर्ट पर अपराध धारा 316 (2) बीएनएस के तहत् पाए जाने से अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना कार्यवाही में लिया गया।
विवेचना दौरान घटनाकारित कर फरार आरोपी विजय मिश्रा एवं उसके साथियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आरोपी विजय मिश्रा की जानकारी होने पर बिलासपुर पुलिस टीम तत्काल रीवा, मध्य प्रदेश के लिए रवाना हुई। आरोपी विजय मिश्रा को उसके ठिकाने से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी विजय मिश्रा पिता ब्रिज किशोर मिश्रा उम्र 44 साल साकिन पुरैना पोस्ट सोनौरा थाना रायपुर, कचुलियान जिला रीवा (म.प्र.) से उक्त घटना के संबंध में पूछताछ किया गया। आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है तथा फरार आरोपी की लगातार पतासाजी जारी है। पुलिस अधीक्षक ने इस बेहतर और प्रभावी कार्यवाही के लिए ज़िले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल, शहर, नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अक्षय प्रमोद साबद्रा, थाना प्रभारी कोनी राहुल तिवारी और स्टाफ़ की सराहना की है।







