एमसीबी/चिरमिरी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चिरमिरी पुलिस ने अब निर्णायक मोड में कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक श्रीमती रतना सिंह के स्पष्ट निर्देशों के बाद जिले भर में चल रहे अभियान ने अब नशा तस्करों के संगठित नेटवर्क को सीधी चुनौती देना शुरू कर दिया है।
इसी कड़ी में थाना चिरमिरी पुलिस ने सुनियोजित रणनीति के तहत 6 नंबर गोलाई क्षेत्र में घेराबंदी कर एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया। दोनों संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए और तलाशी लेने पर उनके पास से 32 नग प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 22 हजार रुपये आंकी गई है। मौके से एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसका उपयोग सप्लाई में किया जा रहा था।
इस पूरी कार्यवाही की जड़ पहले से गिरफ्तार आरोपी विवेक पटेल से मिले अहम सुराग हैं। पूछताछ के दौरान सामने आया कि इस नेटवर्क में अभिषेक समुंद्रे की भी सक्रिय भूमिका है जो गिरफ्तारी से बचने के लिये अपना मोबाइल फोन तोड़क़र फरार हो गया था। पुलिस ने तकनीकी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए संदिग्धों की निगरानी शुरू की और सटीक सूचना मिलते ही घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर रही है और संभावित सप्लाई चेन को पूरी तरह ध्वस्त करने की दिशा में कार्यवाही तेज कर दी गई है। यह कोई पहली कार्यवाही नहीं है। कुछ ही दिनों के भीतर चिरमिरी पुलिस द्वारा की गई यह दूसरी बड़ी कार्यवाही है। इससे पहले भी नशीले इंजेक्शन की तस्करी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। लगातार हो रही इन कार्यवाहियों से स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि पुलिस अब केवल छोटे तस्करों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे नेटवर्क को खत्म करने की दिशा में काम कर रही है।
थाना प्रभारी चिरमिरी उपनिरीक्षक विजय सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा की हमारा लक्ष्य केवल गिरफ्तारी नहीं बल्कि पूरे नेटवर्क का सफाया करना है। किसी भी स्तर पर शामिल व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस सख्ती से जहां नशा तस्करों में भय का माहौल है, वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना भी मजबूत हो रही है। इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में एएसआई नईम खान, महिला प्रधान आरक्षक रुकमणी बंजारे, आरक्षक विकास कुजुर एवं सैनिक प्रमोद साहू की सराहनीय भूमिका रही। टीम की तत्परता, समन्वय और सूझबूझ से यह सफलता संभव हो पाई है।







