बीजापुर। मद्देड़ थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। बंदेपारा व नीलमड़गु के मध्य जंगल क्षेत्र में संचालित सर्चिंग अभियान के दौरान, सुरक्षा बलों ने माओवादियों द्वारा छुपाकर रखे गए 16 प्रेशर IED बरामद किए। ये IED बीयर की बोतलों में लगाए गए थे और इन्हें बीडीएस टीम ने मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया।
विस्फोटक और माओवादी सामग्री का जखीरा : सर्चिंग अभियान के दौरान, डीआरजी बीजापुर, थाना मद्देड़ और सीआरपीएफ 22वीं बटालियन की संयुक्त टीम ने नीलमड़गु से बंदेपारा के मध्य जंगल क्षेत्र में जमीन के भीतर छुपाकर रखे गए स्टील कंटेनर और प्लास्टिक बाल्टियों से भारी मात्रा में विस्फोटक और माओवादी सामग्री बरामद की। इसमें 784 जिलेटिन स्टीक (लगभग 100 किलोग्राम), 03 बंडल कार्डेक्स वायर, लगभग 350 मीटर काली वर्दी का कपड़ा, 01 किलोग्राम गन पाउडर, 04 वॉकी-टॉकी चार्जर, 04 बैटरी, 02 मोबाइल चार्जर, माओवादी साहित्य, माओवादी वर्दी, पिट्ठू बैग, तेल, साबुन और स्टील कंटेनर जैसी अन्य सामग्री शामिल है।
क्षेत्र में माओवादी विरोधी अभियान जारी : सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में माओवादियों के विरुद्ध प्रभावी और सतत कार्रवाई जारी है। माओवादी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इस बड़ी बरामदगी से माओवादियों के मंसूबों को बड़ा झटका लगा है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिली है। यह कार्रवाई सुरक्षा बलों की सतर्कता और समर्पण का प्रमाण है।







