परिवहन में प्रयुक्त एक मारूति आर्टिगा कार जप्त
बिलासपुर। जिले में मादक पदार्थो की तस्कीरी लगातार बढ़ती जा रही है। बिलासपुर क्षेत्र अब गांजा तस्करों के लिए कॉरिडोर बन गया है। रतनपुर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 245 किलो अवैध गांजा जप्त किया है, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 22 लाख रूपए आंकी गई है। गांजा परिवहन में प्रयुक्त एक मारूति आर्टिगा कार कीमत 8 लाख भी जप्त की गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि कटघोरा की ओर से मरवाही मार्ग होते हुए एक आर्टिगा वाहन सीजी 04 क्यूडी 7255 में भारी मात्रा मे ं गांजा मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में टीम गठित कर नेशनल हाईवे नवापारा चौक भेडीमुंडा के पास घेराबंदी की गई। जैसे ही संदिग्ध वाहन को रोका गया और तलाशी ली गई, उसमें छिपाकर रखा गया 245 किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपी अमित कुमार केवट 33 वर्ष निवासी भुतहीटोला थाना बुढार जिला शहडोल मध्यप्रदेश को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ थाना रतनपुर में नारकोटिक्स एक्ट के तहतम अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि बिलासपुर और आसपास का क्षेत्र तस्करों के लिए सुरक्षित और सुगम मार्ग बनता जा रहा है। जहां से बड़े पैमाने पर गांजा की सप्लाई अन्य राज्यों में की जा रही है। इस कार्रवाई को तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। इस पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी रतन8पुर प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, निरीक्षक अनिल अग्रवाल, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, कमलेश बंजारे, प्रधान आरक्षक सैयद अकबर अली सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।







