कोरबा। जिले के करतला थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग वारदात एक घंटे के भीतर हो गई। भरी दोपहरी राह चलते आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से मोबाइल की लूट को अंजाम दिया गया, वहीं खेत में काम कर रहे किसान की नजरों के सामने ही उसकी बाइक अज्ञात लोग ले भागे।
जानकारी के मुताबिक ग्राम सकदूकला निवासी व आंगनबाडी सकदूकला की कार्यकर्ता सुचित्रा चौहान 48 वर्ष 16 अगस्त को अपने खाता नंबर को मोबाईल नंबर से केवाईसी कराने नोनबिर्रा जाने के लिये घर से करीबन 2.30 बजे पैदल नोनबिर्रा च्वाईस सेंटर जा रही थी। कार्यकर्ता हाथ में वीवो कंपनी का मोबाईल, जिसमें जीओ कंपनी का सिम लगा है, रखी हुई थी। मेन रोड से पहले डंगनई दाई सरई पेड़ के पास पहुंची थी कि उसी समय करीब 3 बजे एक बाइक में दो व्यक्ति नोनबिर्रा की ओर से आये और आगे बढ़ गये। कुछ दूरी से वापस आकर बाइक में पीछे बैठा व्यक्ति सुचित्रा के हाथ से मोबाईल लूटकर करतला की ओर भाग निकले। बाइक चलाने वाला कत्था कलर का शर्ट पहना हुआ था और सीने में टैटू बना हुआ है। सुचित्रा की रिपोर्ट पर धारा 309(4) भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
दूसरी घटना में ग्राम कुदमुरा निवासी किसान मनमोहन राठिया 42 वर्ष के साथ हुई है। 16 अगस्त को अपने हीरो स्प्लेंडर बाइक सीजी 12 एएस 2036 में जिल्गा रोड कछार खार खेत गया था। बाइक को रोड किनारे खडी कर अपने खेत में काम कर रहा था। रोड से करीबन 200 मीटर की दूरी पर खेत है। शाम 4 बजे एक बाइक में दो व्यक्ति आये और किसान का बाइक चालू कर ले भागे। किसान ने आवाज लगाई, लेकिन वे नहीं रुके। दोनों जिल्गा की ओर भाग निकले। करतला थाना में मनमोहन राठिया की रिपोर्ट पर 2 अज्ञात लोगों के विरुद्ध धारा 3(5), 303(2)-भादवि के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।







