रायगढ। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में सोमवार की रात पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक ने विवाद के बाद की फायरिंग की। गोली लगने से 43 वर्षीय सुरक्षा गार्ड घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
17 अगस्त 2026 की रात करीब 10.30 बजे की बताई जा रही है। ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के तहत सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात चन्द्रशेखर पटेल (43) उस वक्त अपनी ड्यूटी पर मौजूद था। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी में जुट गई है।
फायरिंग की सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा टीआई रामकिंकर यादव और साइबर टीआई विजय चेलक अपनी टीमों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए।
सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा आरोपी का राज
पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज को जांच का अहम आधार माना जा रहा है। पुलिस मुखबिर तंत्र के जरिए भी आरोपी की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाने में जुटी है।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
घायल गार्ड की शिकायत पर पूंजीपथरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 206/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3) और 109(1) के तहत कार्रवाई शुरू की है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा दबिश दी जा रही है।







