जगदलपुर। केंद्रीय जेल से वर्ष 2005 में पैरोल पर छूटा एक हत्या का आरोपी 21 साल बाद गिरफ्तार हुआ है। वह पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद वापस नहीं लौटा था। पुलिस ने उसे तेलंगाना राज्य से पकड़ा है।
आरोपी सोढ़ी मासा 45 वर्ष का है और ग्राम गाटम डोंगरीपारा का निवासी है। उसे थाना कटेकल्याण, जिला दंतेवाड़ा के हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है। सोढ़ी मासा वर्ष 2001 से केंद्रीय कारागृह जगदलपुर में निरुद्ध था। वर्ष 2005 में उसे 14 दिनों की पैरोल पर अपने गृह ग्राम जाने की अनुमति मिली थी।
पैरोल अवधि खत्म होने पर वह जेल वापस नहीं लौटा और फरार हो गया। फरारी के दौरान उसने तेलंगाना के कोत्तागुडेम के कासनपल्ली क्षेत्र में अपना नाम बदल लिया था। वह वहां लालाराम सोढ़ी के नाम से छिपकर रह रहा था। थाना कटेकल्याण पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी का पुत्र हड़मा उर्फ सुरेश सोढ़ी गांव आया हुआ है। पुलिस ने उससे पूछताछ की। उसने अपने पिता सोढ़ी मासा के तेलंगाना में नाम बदलकर रहने की जानकारी दी। इस सूचना के आधार पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम को तत्काल तेलंगाना भेजा गया।
पुलिस टीम ने कोत्तागुडेम, तेलंगाना से फरार आरोपी सोढ़ी मासा को गिरफ्तार किया। उसे प्रथम अपर सत्र न्यायालय जगदलपुर में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को वापस केंद्रीय कारागृह जगदलपुर में दाखिल कराया गया है। यह गिरफ्तारी 21 वर्ष की लंबी फरारी के बाद हुई है।







