कोटा। थाना क्षेत्र के ग्राम करगीकला में खड़ी पिकअप वाहन में आगजनी का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति वाहन पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 326 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम करगीकला निवासी हंसराज साहू हंसराज ट्रेडर्स नाम से दुकान संचालित करते हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता रामअवतार साहू के नाम से पंजीकृत पिकअप वाहन सीजी 10 एजी 0462 को रोज की तरह 27 मई की रात घर से बाहर खड़ किया गया था। देर रात करीब 12.45 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने वाहन पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी।
आगजनी में वाहन का सामने वाला कंडक्टर साइड का टायर पूरी तरह जल गया, वहीं वाहन के अन्य हिस्सों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। हालांकि रात का समय होने के कारण आरोपी की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक तौर पर रंजिशवश आगजनी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है।







