बिलासपुर। गोलबाजार में चोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोतवाली से चंद कदम दूर कपड़ा दुकान की टीन छत काटकर अंदर प्रवेश किया और नगदी पार कर दी। घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार गोलबाजार स्थित नेशनल होजियरी कपड़ा दुकान के संचालक अब्बास वनक निवासी जुनी लाइन बिलासपुर ने सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रार्थी ने बताया कि 16 मई की रात करीब 9.30 बजे अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 17 मई की सुबह लगभग 10 बजे जब वह दुकान पहुंचे और शटर खोला तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान की टीन शेड टूटी हुई थी। और गल्ले का लॉक टूटा मिला। इसके बाद दुकान की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। जिसमें रात करीब 2.16 बजे अज्ञात चोर दुकान की छत पर चढ़कर टीन काटते हुए अंदर प्रवेश करते दिखाई दे रहा है। चोर गल्ले का लॉक तोड़कर दुकान की बिक्री रकम चोरी कर फरार हो गया।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305ए बीएनएस और 331-4 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। शातिर चोर ने नकाब पहन रखा था, कि उसकी पहचान सीसीटीवी में दिखाई न पड़े। वारदात पुलिस के लिए भी चुनौती बन गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।







