बिलासपुर। थाना कोनी क्षेत्र अंतर्गत पटेल हॉस्टल के सामने बुधवार रात एक छात्र पर जानलेवा हमला किया गया। हमले में घायल छात्र को गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में विकास, किशन, कल्ले और उनके अन्य साथियों के विरूद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी हर्ष कुमार यादव जोकि मनेन्द्रगढ़ का निवासी है और गुरूघासीदास यूनिवर्सिटी में बीए एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। प्रार्थी ने कोनी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 30 जुलाई की रात लगभग 9.10 बजे पटेल हॉस्टल के सामने यह घटना घटी। हर्ष के अनुसार उनका मित्र सुरेश कुमार साहू जो रिवर व्यू कॉलोनी में रहता है और खुद का गैरेज संचालित करता है। उनके हॉस्टल में मिलने आया था। हॉस्टल से निकलते वक्त रास्ते में खड़े कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। कुछ देर बाद जब हर्ष और उसकाक साथी सिद्धार्थ सुरेश को गेट तक छोड़ने बाहर आए, तब आरोपियों ने सुरेश पर हमला कर दिया। विकास, किशन और कल्ले बाइक से पहुंचे और गाली गलौच करते हुए बेल्ट, डंडे और हॉकी से सुरेश की पिटाई की। इसके बाद विकास ने चाकू से हमला कर सुरेश को दाहिनी पसली और पीठ में हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पत्थर से भी मारपीट की और फिर सुरेश की कार में तोड़फोड़ की। हमले में गंभीर रूप से घायल सुरेश को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध धारा 109, 115, 296, 324 और 351 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है।







