शिवरीनारायण। मेला ग्राउंड में इस साल मायापुर के इस्कॉन टेंपल की तर्ज पर 90 फीट ऊंचा पंडाल बन रहा है। इसमें 35 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा विराजमान होगी। शारदीय नवरात्र की शुरुआत 11 अक्टूबर से होगी। नगर में दुर्गा उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। पंडाल 90 फीट ऊंचा, 120 फीट चौड़ा, 200 फीट गहरा रखा गया है। भव्य प्रवेश द्वार बनाया जा रहा है। प्रतिमा के साथ आकर्षक लाइटिंग भी होगी।
दुर्गा पूजा उत्सव समिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा और नितेश केशरवानी ने बताया कि 90 फीट ऊंचा प्रवेश द्वार तैयार किया जा रहा है। 200 फीट लंबा और 120 फीट चौड़ा पंडाल तैयार हो चुका है। इसमें 35 फीट की मां अम्बे की प्रतिमा विराजमान होगी। प्रतिमा के दोनों ओर 10-10 फीट के सिंह होंगे। पूजा स्थल पर 8 फीट की मां दुर्गा की प्रतिमा भी रहेगी। साथ में गणेश, कार्तिकेय, लक्ष्मी, सरस्वती की 6-6 फीट की प्रतिमाएं भी विराजमान होंगी। डोम पंडाल कारीगरों ने तैयार कर लिया है।
बंगाल के कारीगर प्रवेश द्वार बना रहे हैं। पंडाल के अंदर और प्रवेश द्वार पर लाइटिंग की जाएगी। मेला ग्राउंड में 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक 10 दिवसीय नवरात्रि-दशहरा मेला भी लगेगा। नगर पंचायत ने तैयारी शुरू कर दी है। दुकानदारों से आवेदन लेकर जगह का आवंटन किया जा रहा है। मेले में दुकानें लगेंगी। झूले लगेंगे। मीना बाजार लगेगा। टूरिंग टॉकीज और अन्य मनोरंजन के साधन भी रहेंगे। रोज शाम 7 बजे चौपाटी के पास महानदी महाआरती होगी। 20 अक्टूबर को दशहरा उत्सव मनाया जाएगा। नवरात्रि-दशहरा मेले के साथ 3 दिवसीय शिवरीनारायण महोत्सव भी होगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत ने बताया। शुरुआत 14 अक्टूबर को होगी। समापन 16 अक्टूबर को होगा। आयोजन समिति तैयारियों में जुटी है। यह महोत्सव आमतौर पर ऐतिहासिक माघी मेले में होता है।







