डीएमएफः ईओडब्ल्यू ने स्पेशल कोर्ट में पेश की 6000 पन्नों की चार्जशीट
रायपुर। जिला खनिज निधि (डीएमएफ) घोटाले के मामले में छत्तीसगढ़ की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने रायपुर की विशेष कोर्ट में 6,000 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल की है। इस मामले में निलंबित आईएएस अधिकारी रानू साहू, पूर्व उप सचिव सौम्या चौरसिया, कारोबारी सूर्यकांत तिवारी सहित 9 आरोपियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोर्ट में पेश किया गया।
डीएमएफ घोटालाः क्या है मामला?
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच के आधार पर ईओडब्ल्यू ने भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी (आपराधिक षड्यंत्र) और 420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज किया था। जांच में सामने आया कि कोरबा जिले के डिस्ट्रिक्ट माइनिंग फंड (डीएमएफ ) के तहत टेंडर आवंटन में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुईं। टेंडर प्रक्रिया में निजी कंपनियों को अवैध लाभ पहुंचाया गया, जिसमें टेंडर राशि का 15 से 40 प्रतिशत तक कमीशन के रूप में सरकारी अधिकारियों को दिया गया।







