नारायणपुर। अबूझमाड़ में 21 मई को हुई नक्सल मुठभेड़ में डीआरजी के जवानों ने सवा तीन करोड़ रुपये के खूंखार नक्सली बसवराजू समेत 27 नक्सलियों को मार गिराया था। इसके बाद जवानों का जश्न मनाते वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें जवान हथियार लहराते दिख रहे हैं।
दो अन्य वीडियो में जवानों के परिजन उन्हें गुलाल लगाकर आरती उतार रहे हैं। पुष्पहार पहनाकर उनका सम्मान कर रहे हैं। बाइक रैली निकालकर पटाखे फोड़कर जश्न मना रहे हैं। दो दिन पहले चार जिले के डीआरजी जवानों ने 27 नक्सलियों के साथ ही नक्सलियों महासचिव और शीर्ष लीडर को मार गिराया था।
अबूझमाड़ के गोटेर में डीआरजी के जवानों ने नक्सलवाद के खिलाफ इस ऐतिहासिक लड़ाई में 12 करोड़ के कुल 27 इनामी नक्सलियों को मार गिराने में सफलता हासिल की है। 27 नक्सलियों को मारने के बाद उनके शवों को हेलीकॉप्टर से नारायणपुर लाया गया, जहां देर रात जवानों ने बाइक रैली निकालने के साथ ही पटाखे फोड़े। कैम्प में जमकर डांस किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं।







