रायपुर। रायपुर में बैडमिंटन खेलते हुए युवक की मौत हो गई है। वह बैडमिंटन खेलने के बाद रेस्ट करने के लिए कोर्ट से बाहर निकलकर जमीन पर बैठ गया। कुछ देर बाद वह अचानक मुंह के बल गिरा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हार्ट अटैक से युवक की मौत की आशंका जताई जा रही है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
घटना सीसीटीवी में कैद
इस मामले में कोतवाली पुलिस आगे की जांच पड़ताल में जुटी हैं। जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना सप्रे शाला स्कूल स्थित जिला बैडमिंटन एकेडमी की है। शुक्रवार सुबह 6-7 बजे के करीब वहां खिलाड़ी बैडमिंटन की प्रेक्टिस कर रहे थे। इस दौरान युवक भी वहां पहुंचा।
रेस्ट करने के लिए जमीन पर बैठा
युवक ने बैडमिंटन खेलने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद वह खिलाड़ियों के साथ बैडमिंटन खेलने लगा। कुछ देर खेलने के बाद वहां रेस्ट करने के लिए कोर्ट से बाहर आकर जमीन पर बैठ गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ देर बाद नीचे गिर गया। वहां मौजूद लोगों ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठा। जहां से लोग उसे मेकाहारा अस्पताल ले गए।
हार्ट अटैक से मौत की आशंका
मृतक हिमांशु श्रीवास्तव (35) निवासी सेक्टर 4 भिलाई का निवासी था। रायपुर के खुशी इंक्लेव अमलीडीह में वह पत्नी के साथ रह रहा था। शंकर नगर स्थित एक प्राइवेट कंपनी में मैनेजर के पद पर पदस्थ था। हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ करके आगे की जानकारी जुटाएगी। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।







