बलौदाबाजार। रिसदा रोड स्थित निरंजन ट्रांसपोर्ट यार्ड में खड़े ट्रक से बैटरी चोरी के मामले का सिटी कोतवाली पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 21 हजार रुपये कीमत की चोरी की गई दो बैटरियां और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
ट्रांसपोर्ट यार्ड से चोरी हुई थीं दो बैटरियां
पुलिस के मुताबिक, निरंजन ट्रांसपोर्ट बलौदाबाजार के मैनेजर गीरेन्द्र सिंह सेगर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रिसदा रोड स्थित ट्रांसपोर्ट यार्ड में खड़े ट्रक क्रमांक सीजी 22 एक्स 7702 से अज्ञात चोर दो बड़ी बैटरियां चोरी कर ले गए हैं। चोरी गई बैटरियों की कीमत करीब 21 हजार रुपये बताई गई। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 810/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 3(5) के तहत जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर तीन आरोपी पकड़े गए
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सूचना के आधार पर पुलिस ने केशव कुमार धु्रव, सूरज यादव और धनंजय साहू उर्फ राजू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने शराब और पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की योजना बनाई थी।
शराब पीने के बाद बनाई चोरी की योजना
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर की रात तीनों आरोपियों ने साथ में शराब पी थी। इसके बाद पैसों की जरूरत के चलते उन्होंने चोरी करने की योजना बनाई। तीनों मोटरसाइकिल से सकारी बायपास स्थित निरंजन ट्रांसपोर्ट यार्ड पहुंचे और वहां खड़े ट्रकों में से एक ट्रक की दो बैटरियां निकालकर ले गए।
चोरी की बैटरियां और बाइक बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई दोनों बैटरियां बरामद कर लीं। वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है।
तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने केशव कुमार धु्रव (26), निवासी ग्राम रिसदा, सूरज यादव (28), निवासी ग्राम रिसदा और धनंजय साहू उर्फ राजू (21), निवासी ग्राम रिसदा को 28 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।







