कोरबा। जिले में चोर अब हाईटेक हो गए हैं। इसका नमूना कोरबा जिले में सामने आया है। एक शादी कार्यक्रम में नशीली दवा का छिड़काव कर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरी के दौरान दुल्हन ने शोर मचाया तो उसकी पिटाई कर चोर मौके से भाग निकले।
घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत शारदा विहार सामुदायिक भवन का है, जहां दुल्हन के परिवार में हल्दी की रस्म चल रही थी। इसी दौरान पांच चोरों ने पहले नशीली दवा का छिड़काव किया। जैसे-जैसे घर वाले और मेहमान बेसुध हुए, चोर ने नगदी और सोने-चांदी के जेवरात को खंगालना शुरू कर दिया।
इस बीच चोरों पर दुल्हन की नजर पड़ गई। उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। चोरों ने उसकी पिटाई कर दी। साथ ही 50 हजार रुपए नगदी समेत सोने चांदी के जेवरात लेकर भाग निकले। शादी में शामिल होने आए बहुत से लोगों को होश में आने के बाद घटना की जानकारी हुई।







