बिलासपुर। घुटकु में 2 साल की बच्ची की झुलसने से मौत हो गई। चाचा नितिन कुमार लोनीया पर आग में झोंकने का आरोप है, पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है।
कोनी थाना क्षेत्र के घुटकु गांव से देवर-भाभी के अफेयर का खौफनाक अंजाम सामने आया है। पारिवारिक विवाद के दौरान चाचा पर अपनी दो साल की मासूम भतीजी को जलते लकड़ी के चूल्हे में बैठाने का का आरोप है। गंभीर रूप से झुलसी बच्ची ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। बच्ची के पिता ने अपने ही भाई नितिन लोनीया पर बच्ची को आग में झोंकने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में कोनी पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया है।
महिला और बच्ची को रायपुर ले गया था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, घुटकु निवासी सुधीर की पत्नी और उसकी दो साल की बेटी को नितिन लोनीया सोसायटी जाने की बात कहकर अपने साथ रायपुर ले गया था। बताया जा रहा है कि इसके बाद दोनों वहां काम करने लगे। इधर काफी तलाश के बाद भी तीनों का पता नहीं चला। इसके बाद बच्ची के नाना ने कोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो नितिन, अंकिता और बच्ची को लेकर जानकारी सामने आई। 7 सितंबर को तीनों घुटकू वापस लौटे जिसके बाद पारिवारिक विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद के बाद नितिन ने महिला की दो साल की बच्ची को आग में झोंक दिया। घटना में बच्ची बुरी तरह झुलस गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से झुलसी बच्ची का अस्पताल में उपचार चल रहा था, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। आखिरकार इलाज के दौरान मासूम की मौत हो गई।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। बच्ची के पिता सुधीर ने अपने भाई नितिन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं बच्ची के नाना ने दावा किया है कि बच्ची की मां की मानसिक स्थिति पहले से ठीक नहीं थी और आरोप है कि आरोपी ने इसी स्थिति का फायदा उठाया।
कोनी पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस घटना के पीछे की वजह, घटनाक्रम और आरोपी की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।







