भागलपुर। नवगछिया स्टेशन के पास राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव करने का मामला सामने आया है। डिबरूगढ़ से नई दिल्ली जाने वाली गाड़ी संख्या 12423 राजधानी एक्सप्रेस पर फिर पथराव किया गया। कटिहार से ट्रेन चलने के उपरांत कटारिया-नवगछिया स्टेशन के बीच बनिकपुर हाल्ट के समीप पथराव हुआ। पत्थर लगने से बोगी संख्या तीन एवं 11 के दाहिनी ओर की खिड़की का शीशा टूट गया। यात्रियों के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।
शरारती तत्वों द्वारा लगातार राजधानी एक्सप्रेस को निशाना बनाया जा रहा है। राजधानी एक्सप्रेस के सोमवार देर शाम करीब आठ बजे बरौनी स्टेशन से चलने के बाद नवगछिया आरपीएफ को इसकी सूचना दी गई। नवगछिया आरपीएफ पुलिस ने तत्काल रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बरौनी से डॉग स्क्वाड ने भी घटनास्थल की जांच की। नवगछिया आरपीएफ इंस्पेक्टर मृणाल कुमार ने बताया कि चिह्नित व्यक्ति की पहचान हो चुकी है। उनकी जल्द गिरफ्तारी होगी।
एक माह में चार बार हुई पत्थर बाजी
इस पत्थरबाजी को लेकर के नवगछिया आरपीएफ थाना अंतर्गत कुल छह मामले रेलवे एक्ट के तहत दर्ज हुए हैं। इसमें चार मामले में अभियुक्त की गिरफ्तारी हुई है, वहीं, दो हाल के मामले जो 26 अक्टूबर और 11 दिसंबर को दर्ज हुए हैं। इस मामले में गिरफ्तारी को लेकर के जांच चल रही है। वहीं, मानसी और बिहपुर आरपीएफ थाना क्षेत्र में एक-एक मामला दर्ज हुआ है। इन सभी मामले को लेकर आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि कुछ मामले का उद्वेदन कर लिया गया है। कुछ मामला बचा है, जिसे जल्द ही उद्वेदन कर लिया जाएगा। मार्च महीने में हुए राजधानी एक्सप्रेस में पत्थरबाजी के मामले में बरारी से अखिलेश कुमार की गिरफ्तारी हुई है तो वहीं, पूर्वाेत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में हुई पत्थरबाजी में बिट्टू कुमार को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, अवध आसाम एक्सप्रेस में पत्थरबाजी के मामले में कुर्सेला के मंतोष कुमार की गिरफ्तारी हुई है। वहीं, राजधानी एक्सप्रेस में पत्थरबाजी के मामले में एक शराबी कुर्सेला इंदिरा ग्राम से राजकुमार झा के पुत्र छोटू झा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।







