Home » राबड़ी देवी का 10 सर्कुलर रोड आवास आज होगा खाली!, 4 नोटिस के बाद अंतिम अल्टीमेटम
बिहार

राबड़ी देवी का 10 सर्कुलर रोड आवास आज होगा खाली!, 4 नोटिस के बाद अंतिम अल्टीमेटम

पटना। बिहार की सियासत का केंद्र बने 10 सर्कुलर रोड सरकारी आवास को खाली करने के लिए दी गई समय सीमा सोमवार (29 जून) को समाप्त हो रही है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी आज सरकारी आवास खाली करती हैं या नहीं। यदि तय समय तक आवास खाली नहीं किया गया तो भवन निर्माण विभाग नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर सकता है। पिछले कई दिनों से आवास से सामान हटाने का काम लगातार जारी है। कल देर रात तक शिफ्टिंग का सिलसिला चलता रहा।

आवास से सीसीटीवी कैमरे समेत कई अन्य सामान पहले ही हटाए जा चुके हैं। हालांकि, लालू परिवार स्थायी रूप से किस पते पर जाएगा, इसे लेकर अभी आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं है। सूत्रों के अनुसार, आवास से निकाला गया अधिकांश सामान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सरकारी आवास में रखा जा रहा है। वहीं कुछ सामान महुआबाग स्थित निजी आवास में भी भेजा गया है। माना जा रहा है कि फिलहाल लालू परिवार अस्थायी रूप से तेजस्वी यादव के आवास में रह सकता है। सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित किया है। वहां काम लगभग पूरा हो चुका है।

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की स्वास्थ्य जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ग्राउंड फ्लोर पर विशेष व्यवस्था और कमरों में आवश्यक बदलाव का काम चल रहा है, ताकि उनके रहने में किसी तरह की असुविधा न हो। भवन निर्माण विभाग ने 22 जून को अंतिम नोटिस जारी करते हुए सात दिनों के भीतर 10 सर्कुलर रोड आवास खाली करने का निर्देश दिया था। इससे पहले विभाग चार बार नोटिस जारी कर चुका था। अंतिम नोटिस में स्पष्ट किया गया था कि 29 जून तक आवास खाली नहीं होने की स्थिति में नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर दिया है। ऐसे में अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि अंतिम दिन आवास पूरी तरह खाली होता है या फिर मामला प्रशासनिक कार्रवाई तक पहुंचता है।

Search

Archives