पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में 202 सीटें लाने वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। गांधी मैदान में नीतीश कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा फिर से डिप्टी सीएम बनाए गए। मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कई केंद्रीय मंत्रियों समेत एनडीए के सभी घटकों के प्रमुखों, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और बड़े नेता मौजूद रहे।
सीएम नीतीश के बेटे निशांत ने ये कहा – मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने राज्य की जनता को “ऐतिहासिक जनादेश” के लिए धन्यवाद दिया और महिलाओं के “विशेष योगदान” को सराहा, लेकिन अपने राजनीतिक पदार्पण पर सवालों से बचते रहे। निशांत कुमार ने कहा कि बिहार की जनता को धन्यवाद और शुभकामनाएं। मैं दिल से आभार और बधाई व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से लोगों ने काम किया, जिस तरह महिलाओं ने मतदान किया, उनका विशेष योगदान, यह बिहार के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
PM मोदी ने दी बधाई : पीएम मोदी ने नीतीश को बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “नीतीश कुमार को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बहुत-बहुत बधाई. वे एक कुशल और अनुभवी प्रशासक हैं। राज्य में सुशासन का उनका शानदार ट्रैक रिकॉर्ड रहा है। नए कार्यकाल के लिए उन्हें मेरी हार्दिक शुभकामनाएं!”
सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के लिए पीएम मोदी ने लिखा, “सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को बिहार के उप मुख्यमंत्री बनने पर ढेरों बधाई. जमीनी स्तर पर दोनों नेताओं के पास जनसेवा का लंबा अनुभव है।“
बिहार सरकार के अन्य मंत्रियों के लिए पीएम मोदी ने पोस्ट किया, “बिहार सरकार में मंत्रियों के रूप में शपथ लेने वाले सभी साथियों को मेरी हार्दिक बधाई। समर्पित नेताओं की यह एक ऐसी शानदार टीम है, जो बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।“
नीतीश के साथ नई कैबिनेट के 26 मंत्रियों ने भी ली शपथ : नीतीश कुमार के साथ उनकी नई कैबिनेट के 26 मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें बीजेपी के 14 और जदयू कोटे के 8 मंत्री शामिल हैं। 26 नए मंत्रियों में एक मुस्लिम, 3 महिलाएं शामिल हैं वहीं पहली बार विधानसभा पहुंचे 3 विधायक भी मंत्री बने हैं । समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
एनडीए की शानदार वापसी: बता दें बीजेपी नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है। एनडीए ने 202 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि विपक्षी महागठबंधन ने 35 सीटों पर सीट हासिल की है।







