गोपालगंज। एक कार्यक्रम में हथियारों के प्रदर्शन एवं अश्लील नृत्य मामले में मोकामा के बाहुबली जदयू विधायक अनंत सिंह को एडीजे 1 की कोर्ट से अग्रिम जमानत नहीं मिली। उनके अधिवक्ता कुमार हर्षवर्धन की ओर से अग्रिम जमानत दायर की गई थी। कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी गई। केस को एमपी एमएलए कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया गया है। इसकी अगली सुनवाई बुधवार को होगी। इससे पूर्व सुनवाई को लेकर कोर्ट परिसर में गहमागहमी रही।
कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में था। सुनवाई को लेकर अनंत सिंह के अधिवक्ता पटना से आए थे। उनकी अग्रिम जमानत के साथ गिरफ्तारी पर भी रोक की मांग की गई थी। पुलिस के अनुसार 3 मई को मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में आयोजित एक उपनयन संस्कार कार्यक्रम में विधायक अनंत सिंह शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान उनके समर्थकों द्वारा हथियार लहराते हुए भोजपुरी गीतों पर डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की थी। इस मामले में विधायक अनंत सिंह समेत 9 नामजद व अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कोर्ट में होने वाली सुनवाई को लेकर समर्थकों और विरोधियों के बीच भी चर्चा होती रही। इधर इस मामले में पुलिस ने हथियार प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है, ताकि उसकी जांच की जा सके।







