बेतिया। पश्चिमी चंपारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय किशोरी रविवार की देर शाम में वह फंखे से लटकी हुई मिली। मृतका के परिजनों ने उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है, जिससे उसको सोशल मीडिया के जरिए प्रेम हुआ था।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया है। थानाध्यक्ष सम्राट सिंह ने बताया कि मामले में मृतका के स्वजन के बयान पर कांड दर्ज किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।
उधर, गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए आई मृतका की मां ने बताया कि मेरी पुत्री सातवीं कक्षा की छात्रा थी। आरोप लगाया है कि उसकी बेटी को छह माह पूर्व फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
रविवार की शाम में लालगढ़ निवासी राहुल कुमार उसके घर आया था। उस समय परिवार के कोई सदस्य घर पर नहीं थे। किशोरी अकेली थी। जब घर के लोग लौटे तो देखा किशोरी पंखे से लटकी थी।
आरोप है कि उसी युवक ने किशोरी को फांसी पर लटका दिया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भेजा।







