Home » खून से लथपथ हालत में मिली बच्ची, सोए में अगवा कर किया दुष्कर्म, इलाके में दहशत
बिहार

खून से लथपथ हालत में मिली बच्ची, सोए में अगवा कर किया दुष्कर्म, इलाके में दहशत

हाजीपुर। वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र में एक 10 वर्षीय बच्ची का अपहरण कर दुष्कर्म किया गया। बच्ची घर में सो रही थी तभी उसे अगवा कर चंवर में ले जाया गया। खून से लथपथ हालत में बच्ची को चंवर से बरामद किया गया जिसके बाद उसे अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

परिजनों ने घटना की जानकारी बेलसर थाना प्रभारी को दी। घटना की सूचना मिलते ही सदर दो एसडीपीओ गोपाल मंडल और थाना प्रभारी अनुरंजन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से घटना के बारे में पूछताछ की। पुलिस ने बच्ची को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस बदमाशों की निशानदेही और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल पर गिरे साक्ष्य को एकत्र किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलसर थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित फूस के घर में एक बच्ची अपने माता-पिता के साथ सो रही थी। इसी बीच बदमाश मौके पर पहुंचे और बच्ची को उठाकर घर से करीब आधा किलोमीटर दूर चंवर स्थित धान के खेत में ले गए। वहां उन्होंने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद मौके से फरार हो गए। बच्ची को बिस्तर पर न पाकर माता-पिता उसकी तलाश करने लगे। खोजबीन के दौरान परिजन चंवर में पहुंचे। जहां बच्ची खून से लथपथ मिली। परिजन बच्ची को घर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।

इस संबंध में सदर एसडीपीओ 2 गोपाल मंडल ने बताया कि बेलसर थाना क्षेत्र में एक बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही हम मौके पर पहुंचे। बच्ची के परिजनों से घटना की जानकारी ली गई है। बच्ची को मेडिकल के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Search

Archives