पटना। विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने शिवहर में तैनात उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी बृजेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में कांड संख्या-11/2026 दर्ज किया है। यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(बी), 13(2) एवं 12 के तहत दर्ज किया गया है।
जांच एजेंसी के अनुसार, बृजेश कुमार ने अपनी सेवा अवधि के दौरान विभिन्न पदों पर रहते हुए और लोक सेवक के रूप में अपने पद का दुरुपयोग करते हुए करीब 1,84,32,900 रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित की। यह संपत्ति उनके ज्ञात वैध आय स्रोतों से काफी अधिक पाई गई है। मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए विशेष न्यायाधीश, निगरानी, पटना द्वारा तलाशी वारंट जारी किया गया। इसके आधार पर मंगलवार को निगरानी टीमों ने बेतिया, सीतामढ़ी और शिवहर में आरोपी के कई ठिकानों पर एक साथ छापामारी शुरू की। इनमें सरकारी कार्यालय के साथ-साथ आवासीय परिसरों को भी शामिल किया गया है।
छापामारी के दौरान दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड, संपत्ति से जुड़े कागजात और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, तलाशी पूरी होने के बाद बरामदगी और संपत्तियों का विस्तृत आकलन किया जाएगा, जिससे अवैध संपत्ति के दायरे का और स्पष्ट पता चल सके। निगरानी इकाई के अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। जरूरत पडऩे पर अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा सकती है।







