कोरबा। हरदीबाजार में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को आखिरकार पुलिस ने सुलझा लिया है। पति ने पत्नी की मोबाइल पर प्रेमी से बातचीत की रिकार्डिंग सुन ली थी। इसी से नाराज पति ने प्रेमी को मौत के घाट उतार दिया था।
विगत 1 मार्च 2024 को प्रार्थी ने थाना दीपका में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि ट्रेलर क्रमांक सीजी 10 आर 7370 का चालक अजय भार्गव दीपका हरदीबाजार रोड पर 19 नंबर कांटा के पास गढ्डे में कीचड़ से लथपथ मृत अवस्था में मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग क्रमांक 20/2024 धारा 174 जाफौ. के तहत मामला दर्ज कर शव का पंचनामा कर पीएम के लिए भेज दिया था। पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज किया। परिजनो द्वारा बताया गया कि मृतक का अवैध संबंध ग्राम मांगामार निवासी संदेही की पत्नी से था। इसी अवैध संबंध के कारण अजय भार्गव की हत्या होने का संदेह जाहिर किया गया। दीपका पुलिस द्वारा भी प्रकरण को हत्या मानकर गंभीरता से विवेचना की जा रही थी। इसी बीच संदेही को थाना लाकर पूछताछ करने पर उसने बताया कि मृतक का पत्नी के साथ अवैध संबंध एवं फोन में बातचीत की रिकॉर्डिंग सुनने के बाद आक्रोश में आकर अजय भार्गव की हत्या करने का प्लान बनाया। अपने ममेरे भाई के साथ मिलकर अजय भार्गव के साथ मारपीट की और कीचड़ में दबाकर उसकी हत्या कर दी। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 192/24 धारा 302,34 भादवि. का अपराध पंजीबध्द कर विवेचना में लिया गया व थाना प्रभारी युवराज तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी दयाशंकर यादव पिता स्व. धनीराम यादव उम्र 30 साल साकिन दादर थाना दीपका व सतीश यादव पिता स्व. रामरतन यादव उम्र 29 वर्ष साकिन कटरा थाना बलौदा जिला जांजगीर चांपा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उक्त कार्यवाही में निरीक्षक युवराज तिवारी, सउनि. मंगतु राम मरकाम, सउनि. परमेश्वर सिंह राठौर, सउनि अश्वनी निरंकारी, आर 343 शेख शहबान, आरक्षक 714 विनोद रात्रे, आरक्षक 594 मुकेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







