Home » इराक के विश्वविद्यालय में लगी भीषण आग, 14 लोगों की दर्दनाक मौत, 18 घायल
दुनिया

इराक के विश्वविद्यालय में लगी भीषण आग, 14 लोगों की दर्दनाक मौत, 18 घायल

बगदाद। इराक के उत्तरी इलाके अरबील के एक विश्वविद्यालय में आग लगने से कम से कम 14 लोग मारे गए और 18 घायल हो गए। ये भीषण आग शुक्रवार शाम को यूनिवर्सिटी के छात्रावास में लगी। स्थानीय स्वास्थ्य निदेशालय के प्रमुख ने इसकी जानकारी दी। स्वास्थ्य निदेशालय के प्रमुख कामराम मुल्ला मोहम्मद ने जानकारी देते हुए बताया कि, अरबील के पूर्व में एक छोटे से शहर सोरन में एक इमारत में आग लग गई। सरकारी मीडिया ने मरने वालों की संख्या की पुष्टि की है।

आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है। शुक्रवार रात तक आग पर काबू पा लिया गया। ये इलाका कुर्दिस्तान प्रांत में आता है। इराक के कुर्दिस्तान के प्रधानमंत्री मसरौर बरजानी ने इस घटना को लेकर दुख जताया है। इसके साथ ही घटना की जांच के लिए एक समिति का गठन भी किया है। यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में लगी आग पर इराक के प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा, “पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। हमने इस घटना की व्यापक जांच का आदेश दिया है। इस घटना की जांच शुरू हो गई है।”

आग लगते ही हॉस्टल में मची भगदड़

हॉस्टल में काफी छात्र रहते हैं और आग लगते ही वहां भगदड़ मच गई। ऐसे में कई छात्र अंदर ही फंस जाने की वजह से आग की चपेट में आ गए। जिनमें से 14 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 18 छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल छात्रों को इलाज के लिए पास के ही एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

Search

Archives