Home » युवती को झांसा देकर ले गया था साथ, किराए के मकान में रखा और फिर भगा दिया, युवक गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ रायगढ़

युवती को झांसा देकर ले गया था साथ, किराए के मकान में रखा और फिर भगा दिया, युवक गिरफ्तार

रायगढ़। थाना लैलूंगा में विगत 15 सितंबर को युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि थाना क्षेत्र के ही रहने वाले मनोज नागवंशी (30 साल) ने शादी करूंगा कहकर अपने साथ ले गया था। जहां एक मकान में उसके साथ संबंध बनाता रहा। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व अप्रैल 2022 में मनोज नागवंशी उसे शादी का झांसा देकर बहला फुसलाकर घर से भगाकर गेरवानी ले गया। जहां दोनों मजदूरी का काम करते थे। मनोज पत्नी की तरह रखकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। बीते जुलाई माह में मनोज को शादी कर गांव घर में रखने की बात कहने पर शादी करने से इंकार कर दिया और विवाद करते हुए घर से निकाल दिया। पीड़िता ने अपने घर पहुंचकर अपने परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी। परिजन पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी मनोज नागवंशी के विरूद्ध दुष्कर्म समेत सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। थाना प्रभारी लैलूंगा द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिये अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।

ग्राम गेरवानी व लैलूंगा में कई स्थानों पर दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी मनोज नागवंशी पिता समार साय नागवंशी उम्र 30 वर्ष ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। आरोपी को रिमांड पर भेजा गया। जहां से जेल वारंट पर आरोपी को जेल दाखिल कराया गया है।

Search

Archives