Home » चंद्रयान-3: दक्षिणी ध्रुव का तापमान देख इसरो वैज्ञानिक भी हैरान
देश

चंद्रयान-3: दक्षिणी ध्रुव का तापमान देख इसरो वैज्ञानिक भी हैरान

नई दिल्ली। चंद्रयान 3 के चांद पर सफल लैंडिंग के बाद अब दक्षिणी ध्रुव के तापमान की जानकारी सामने आई है। लैंडर और रोवर में लगे पेलोड ने चांद के तापमान के बारे में बताया है, जिसे जानकर इसरो के वैज्ञानिक भी हैरान हैं।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के विज्ञानी बीएचएम दारुकेशा ने कहा कि चंद्र सतह पर तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद थी, लेकिन चंद्र सतह पर अधिकतम तापमान 70 डिग्री सेल्सियस निकला जो उम्मीद से दोगुने से भी अधिक है। विज्ञानी बीएचएम दारुकेशा ने कहा कि इतना तापमान होना आश्चर्यजनक है। पृथ्वी पर दो से तीन सेंटीमीटर गहराई में हमें तापमान में मुश्किल से दो से तीन डिग्री सेल्सियस का अंतर दिखता है जबकि चंद्रमा पर यह लगभग 50 डिग्री सेल्सियस है।

0 लगाए गए हैं 10 सेंसर
तापमान नापने के लिए चेस्ट पेलोड में 10 सेंसर लगाए गए हैं। यह उपकरण कंट्रोल एंट्री सिस्टम की मदद से सतह के नीचे 10 सेमी की गहराई तक पहुंचने में सक्षम है। इस पेलोड को अंतरिक्ष भौतिकी प्रयोगशाला (एसपीएल) की टीम ने भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला (पीआरएल) अहमदाबाद के सहयोग से विकसित किया है।

Search