कोरबा। एसईसीएल के कुसमुंडा क्षेत्र में संचालित केएनआरसीएल कंपनी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। डंपिंग के दौरान कंपनी का एक भारी भरकम 100 टन क्षमता का डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस भीषण हादसे में डंपर ऑपरेटर को गंभीर चोटें आई हैं। घायल ऑपरेटर को तत्काल खदान से निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
इस घटना के बाद खदान में भारी वाहनों के संचालन, कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन और कर्मचारियों की जान की सुरक्षा को लेकर चिंता और गहरी हो गई है। कोयला उत्पादन के लिए दिन-रात चलने वाली इन खदानों में सैकड़ों श्रमिक भारी मशीनों और डंपरों के बीच काम करते हैं, जहां सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। लेकिन लगातार हो रहे हादसे सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल रहे हैं।







