कोरबा। दर्री थाना अंतर्गत गोपालपुर में तेज रफ्तार बुलेट सवार युवकों ने कहर बरपा दिया। गोपालपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार बुलेट ने जसगीत गाने जा रही महिला टोली को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे में तीन महिलाओं को बुलेट ने अपनी चपेट में ले लिया, जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों की पहचान 53 वर्षीय बिंदा महंत और बरबस महंत के रूप में हुई है। दोनों गोपालपुर की रहने वाली थीं और आपस में रिश्तेदार बताई जा रही हैं।
वहीं हादसे में बुलेट चला रहा राहुल नामक युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है। बुलेट पर पीछे बैठे दो अन्य युवकों को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद गोपालपुर में चल रहे डांडिया और जसगीत कार्यक्रम को बंद करना पड़ा। ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







