Home » बेंगलुरु के पब में बवाल करने वाले आईएएस विकास मरमत का तबादला
देश

बेंगलुरु के पब में बवाल करने वाले आईएएस विकास मरमत का तबादला

रेड के दौरान इंस्पेक्टर को जड़ा था थप्पड़

विजयवाड़ा। बेंगलुरु के एक पब में हुए झगड़े और पुलिसकर्मियों के साथ कथित बदसलूकी व मारपीट की कोशिश के मामले में आंध्र प्रदेश सरकार ने कुप्पम एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर विकास मरमत के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। उनका ट्रांसफर कर दिया गया है। 10 अक्टूबर को रात करीब 1.30 बजे बेंगलुरु के रेजिडेंसी रोड स्थित एक महंगे बार और रेस्तरां में 2019 बैच के आईएएस अधिकारी विकास और उनके तीन साथियों (रियल एस्टेट कारोबारी अभय उदय सिंह, बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग चलाने वाले नीतीश और बाउंसर रोशन) के खिलाफ कब्बन पार्क पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इन पर पुलिस इंस्पेक्टर अरुण सालुंके समेत पुलिस टीम के साथ बदसलूकी करने और उन पर हमला करने की कोशिश करने का आरोप है।

मामले में आईएएस अधिकारी को मुख्य आरोपी बनाया गया, जबकि बाकी लोगों को सह-आरोपी के रूप में सूचीबद्ध किया गया। पुलिस ने बताया कि अगली सुबह मरमत और अन्य लोगों ने अपने बर्ताव के लिए माफी मांगी। यह घटना तब हुई जब सेंट्रल क्राइम ब्रांच की एक टीम शराब की दुकानों पर नाबालिगों के शराब पीने या पार्टी करने की जांच के लिए रात करीब 1.30 बजे कैवोर पहुंची। इस टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर अरुण सालुंके कर रहे थे। जांच के दौरान, एक पुलिस अधिकारी ने कुछ युवतियों से उनकी उम्र साबित करने के लिए दस्तावेज मांगे। बताया जाता है कि इससे मरमत और सिंह नाराज हो गए और उन्होंने पुलिस के साथ रूखा व्यवहार करना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो वायरल होने के बाद राज्य सरकार पर आईएएस अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का दबाव बढ़ गया। यह दबाव इसलिए और भी ज्यादा था क्योंकि मरमत कुप्पम में शहरी विकास प्राधिकरण के प्रोजेक्ट डायरेक्टर के पद पर तैनात हैं।

Search