कोरबा। कटघोरा वन मंडल के पसान क्षेत्र में 52 हाथियों के दल की मौजूदगी से ग्रामीणों में भारी दहशत है। ग्रामीण रतजगा करने को मजबूर हैं। हाथी तेलियामार के आसपास विचरण कर रहे हैं, जिसमें एक दंतैल हाथी अलग घूम रहा है जो सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा रहा है।
हाथियों से सुरक्षा की मांग : रविवार को हाथियों से सुरक्षा की मांग को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने पसान थाने में बैठक कर गुहार लगाई है। पसान थाना प्रभारी ने प्रभावित क्षेत्र के लोगों को सतर्क रहने और हाथियों से दूरी बनाए रखने की समझाइश दी है। उन्होंने कहा है कि हाथियों के करीब न जाएं और बच्चों को अकेले न छोड़ें।
वहीं वन विभाग की टीम लगातार हाथियों के झुंड पर नजर रखे हुए है। ग्रामीणों को हाथियों के पास जाने से रोका जा रहा है। आसपास के कई गांवों में मुनादी कराई गई है ताकि लोग सतर्क रहें। वन विभाग का कहना है कि जो किसानों की फसल और मकान का नुकसान हुआ है, उसका सर्वे कर उचित मुआवजे की कार्रवाई की जाएगी।







