Home » अश्लील हरकत करने वाले आरोपी को चिरमिरी पुलिस ने किया गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

अश्लील हरकत करने वाले आरोपी को चिरमिरी पुलिस ने किया गिरफ्तार

एमसीबी/चिरमिरी। महिला के साथ अश्लील हरकत कर उसे परेशान करने के मामले में चिरमिरी पुलिस ने कार्यवाही करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यह कार्यवाही की गई।

चिरमिरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 1 अक्टूबर 2026 को थाना चिरमिरी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि 30 सितंबर की रात करीब 9 बजे वह अपने घर के सामने स्ट्रीट लाइट के पास खड़ी थी। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला वंशालाल उसके सामने अशोभनीय हरकत करने लगा और उसे गलत काम के लिये बुलाने लगा। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी कई बार अश्लील इशारे कर उसे परेशान कर चुका था। घटना के दौरान पीड़िता के चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी वहां से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना चिरमिरी में अपराध क्रमांक 368/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75 (1) एवं 79 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी के विरुद्ध साक्ष्य मिलने पर पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी को 9 अक्टूबर 2026 को पूछताछ के लिये तलब किया गया। पुलिस के अनुसार मामले में संलिप्तता के संबंध में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वंशालाल पिता रामसुन्दर उम्र 54 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 16 गढ़हा दफाई हल्दीबाड़ी थाना चिरमिरी जिला एमसीबी के रूप में हुई है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी चिरमिरी निरीक्षक वासुदेव परगनिहा, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक जिज्ञासा यादव, प्रधान आरक्षक अशोक मलिक और आरक्षक सुरेश तिग्गा का सराहनीय योगदान रहा।

Search